Publish Date: Wed, 30 Jul 2025 (18:46 IST)
Updated Date: Wed, 30 Jul 2025 (18:54 IST)
Jharkhand News: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र एक अगस्त से शुरू होने जा रहा है। सात अगस्त तक चलने वाले इस सत्र के 5 कार्य दिवस होंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 31 जुलाई को सत्ताधारी गठबंधन के विधायकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे, जिसमें 1 अगस्त से शुरू हो रहे मानसून सत्र की रणनीति तय की जाएगी। इसी दिन विधानसभा अध्यक्ष द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में भी हेमंत सोरेन हिस्सा लेंगे।
हेमंत सोरेन वे पिछले कुछ दिनों से अपने पिता और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संरक्षक शिबू सोरेन के इलाज के सिलसिले में दिल्ली में मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री सोरेन गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत भी करेंगे, जो झारखंड दौरे पर आ रही हैं।
झारखंड सरकार तैयार : झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकार एक अगस्त से शुरू हो रहे राज्य विधानसभा के आगामी मानसून सत्र में विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा और कृषि विश्वविद्यालयों को छोड़कर सभी विश्वविद्यालयों के लिए एक व्यापक अधिनियम बनाने संबंधी विधेयक सत्र के दौरान पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सदन में एक अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा। पिछले सत्र के कई मुद्दे भी उठेंगे। हम चाहते हैं कि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चले।
उन्होंने कहा कि इस सत्र के दौरान झारखंड विश्वविद्यालय विधेयक भी सदन में पेश किया जाएगा। यह विधेयक उच्च शिक्षा में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। हमें उम्मीद है कि विपक्ष भी विधेयक पारित कराने में सहयोग करेगा। झारखंड राज्य विश्वविद्यालय विधेयक, 2025 के प्रस्ताव को 24 जुलाई को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी थी।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें