Publish Date: Mon, 08 Jan 2018 (00:48 IST)
Updated Date: Mon, 08 Jan 2018 (00:50 IST)
पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के चारा घोटाले के एक मामले में साढ़े तीन साल की सजा मिलने की सूचना से सदमे में आई उनकी इकलौती बड़ी बहन गंगोत्री देवी का आज सुबह निधन हो गया।
वह 75 वर्ष की थी। श्रीमती गंगोत्री देवी के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। पिछले कुछ दिनों से वह बीमार चल रही थी और इसके बावजूद यादव के चारा घोटाले के एक मामले में रिहाई के लिए शनिवार को उपवास भी रखा था, तभी उन्हें यादव को लम्बी सजा दिए जाने की सूचना मिली जिससे वह सदमे में आ गई।
इसके बाद वह किसी से भी बातचीत नहीं कर रही थी और रविवार की सुबह उनका यहां निधन हो गया। श्रीमती गंगोत्री देवी राजद अध्यक्ष के छह भाईयों में एक इकलौती बहन थी, जो यहां के बेटनरी कॉलेज स्थित सर्वेंट क्वाटर में अपने दो पुत्रों के साथ रहती थी।
अंतिम संस्कार के लिए शव को उनके ससुराल गोपालगंज ले जाया गया है। राजद अध्यक्ष की बड़ी बहन के निधन की जानकारी मिलते ही विधान सभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव, के साथ ही बड़ी संख्या में उनके शुभचिंतक अंतिम दर्शन के लिए आवास पर पहुंचे। (वार्ता)