Publish Date: Fri, 09 Aug 2019 (18:31 IST)
Updated Date: Fri, 09 Aug 2019 (18:35 IST)
मलप्पुरम। केरल के निलाम्बुर के पास बोतनम में शुक्रवार सुबह भारी भूस्खलन के कारण मलबे के नीचे दबने से करीब 100 लोगों के मारे जाने की आशंका है। भूस्खलन में 40 घर जमींदोज हो गए।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया यहां निलाम्बुर के पास तीन अलग-अलग स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिनमें से एक स्थान पर भारी और दो अन्य स्थानों पर हल्का भूस्खलन हुआ है। सूत्रों ने बताया मुथप्पन पहाड़ी के दरकने से करीब 100 लोगों के दबकर मरने की आशंका है।
निलाम्बुर के पास पाथर में भी भूस्खलन हुआ है। वह राहत अभियान चलाया गया है और कुछ लोगों के लापता होने की रिपोर्ट है। मलप्पुरम में कोट्टाकुन्नु में भी भूस्खलन हुआ, जिसमें छह लोगों के लापता की रिपोर्ट है। दो मकानों को नुकसान पहुंचा है।
इडवान्ना के पास शुक्रवार सुबह भारी बारिश के कारण मकान गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। लगातार भारी बारिश के कारण कवालापरा नहर का बहाव अत्यधिक तेज होने से कम से कम तीन घर क्षतिग्रस्त हो गए। (वार्ता)