गंगटोक। हिमालयी (Himalayan state) राज्य उत्तरी सिक्किम में भीषण बारिश से भूस्खलन हो जाने के कारण वहां करीब 1,000 पर्यटक फंस गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि चुंगथांग (Chungthang) में गुरुवार को पर्यटकों के करीब 200 वाहन फंस गए और ये लोग वहां एक गुरुद्वारे में ठहरे हुए हैं। चुंगथांग राज्य की राजधानी गंगटोक (Gangtok) से करीब 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
ALSO READ: हिमाचल में भारी बारिश और हिमपात के कारण कई जगह भूस्खलन, कुल्लू में 112 सड़कें अवरुद्ध
प्राधिकारियों ने 25 अप्रैल को इस क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को दिए गए सभी परमिट निरस्त कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार लाचुंग और लाचेन तक पहुंचने वाली सड़कें इस आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुई हैं जिससे करीब 1,000 पर्यटक फंस गए हैं। लाचुंग और लाचेन पर्वतीय क्षेत्र हैं, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ ही गुरुडोंगमार झील तथा युमथांग घाटी जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के समीप होने के कारण प्रसिद्ध हैं।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta