Publish Date: Sun, 22 Aug 2021 (13:11 IST)
Updated Date: Sun, 22 Aug 2021 (13:15 IST)
अमरेली। गुजरात के अमरेली जिले के गिर वन क्षेत्र में मालगाड़ी की चपेट में आने से एक एशियाई शेर की मौत हो गई।
मुख्य वन संरक्षक (जूनागढ़ वन्यजीव मंडल) दुष्यंत वासवाड़ा ने बताया कि यह घटना शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे सावरकुंडला वन क्षेत्र के गिर (पूर्व) वन मंडल के खडकलां गांव के पास हुई।
उन्होंने कहा कि लगभग पांच-छह साल की आयु का नर शेर रेलवे ट्रैक पर मृत मिला। मौत का कारण संभवत: डबल डेकर मालगाड़ी से टकराना हो सकता है।
वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मृत शेर को जांच के लिए भेज दिया। (भाषा)