Publish Date: Tue, 28 May 2019 (08:00 IST)
Updated Date: Tue, 28 May 2019 (08:02 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने सोमवार रात भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एक दर्जन से अधिक अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए, जिसमें आधा दर्जन से अधिक जिलों के कलेक्टर और संभाग आयुक्त भी प्रभावित हुए हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शहडोल संभाग आयुक्त शोभित जैन को राज्य मंत्रालय में सचिव बनाया गया है। चंबल संभाग आयुक्त डॉ एम के अग्रवाल को सहकारी संस्थाएं का पंजीयक सह आयुक्त पद की कमान सौंपी गई है।
राजस्व मंडल ग्वालियर के सदस्य बीएम शर्मा को ग्वालियर संभाग आयुक्त पदस्थ किया गया है। ग्वालियर संभाग आयुक्त महेशचंद्र चौधरी को राजस्व मंडल ग्वालयिर में सदस्य बनाया गया है।
मध्यप्रदेश खाद्य आयोग भोपाल के सदस्य सचिव आरबी प्रजापति को शहडोल संभाग आयुक्त बनाया गया है। राज्य शासन में अपर सचिव डॉ श्रीनिवास शर्मा को छिंदवाड़ा कलेक्टर पद की कमान सौंपी गई है।
शहडोल कलेक्टर शेखर वर्मा को राज्य मंत्रालय में अपर सचिव पदस्थ किया गया है। जबलपुर कलेक्टर छवि भारद्वाज को राज्य शासन में उप सचिव पदस्थ किया गया है। छिंदवाडा कलेक्टर भरत यादव को जबलपुर कलेक्टर और पन्ना कलेक्टर मनोज खत्री को राज्य शासन में उप सचिव पदस्थ किया गया है।
राज्य शासन में उप सचिव ललित कुमार दाहिमा को शहडोल जिला कलेक्टर के रूप में पदस्थ किया गया है। मंदसौर कलेक्टर धनराजू एम को राज्य शासन में उप सचिव और जबलपुर संभाग में अपर आयुक्त छोटेसिंह को भिंड कलेक्टर बनाया गया है। भिंड कलेक्टर डॉ. विजय कुमार जे को राज्य शासन में उप सचिव बनाया गया है।