Publish Date: Tue, 28 Feb 2023 (21:33 IST)
Updated Date: Tue, 28 Feb 2023 (21:35 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के मंत्रियों मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने उन पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच मंगलवार को कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तीन पन्नों का इस्तीफा भेजा है। उन्होंने सीएम केजरीवाल को बहुत ही भावुक चिट्ठी लिखी है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने वर्ष 2021-22 के लिए शराब नीति बनाने और उसे लागू करने में कथित भ्रष्टाचार को लेकर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को रविवार शाम गिरफ्तार किया था। यह नीति अब रद्द की जा चुकी है। जैन धनशोधन के एक मामले में तिहाड़ जेल में हैं।
सिसोदिया के पास दिल्ली सरकार के 33 में से 18 महत्वपूर्ण विभाग थे। इसी के साथ सत्येन्द्र जैन ने भी अपना इस्तीफा दे दिया। अब सवाल उठने लगे थे कि क्या केजरीवाल अपनी कैबिनेट का विस्तार करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक अभी कोई नया मंत्री नहीं बनाया जाएगा। मीडिया की खबरों के मुताबिक मनीष सिसोदिया के विभाग कैलाश गहलोत और राजकुमार आनंद को दिए जाएंगे। सिसोदिया के पास दिल्ली सरकार के कुल 33 में से 18 विभाग हैं। आबकारी केस में मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी से हड़कंप मचा हुआ है।
सत्येन्द्र जैन जहां 9 महीने से जेल में बंद हैं, वहीं सिसोदिया को 4 मार्च तक सीबीआई की रिमांड पर भेजा गया है। सुप्रीम कोर्ट से भी मनीष सिसोदिया को कोई राहत नहीं मिल पाई है।
webdunia
Publish Date: Tue, 28 Feb 2023 (21:33 IST)
Updated Date: Tue, 28 Feb 2023 (21:35 IST)