Publish Date: Mon, 20 Sep 2021 (14:46 IST)
Updated Date: Mon, 20 Sep 2021 (14:54 IST)
बेंगलुरु। कर्नाटक के बेंगलुरु में पश्चिम बंगाल के एक प्रवासी मजदूर को एक बच्ची के साथ बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता के माता-पिता और स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी को उन्हें सौंपने की मांग की जिससे यहां थाने में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
पश्चिम बंगाल से ताल्लुक रखने वाला 23 वर्षीय मजदूर सौरभ मिस्त्री बच्ची को अपने मोबाइल पर वीडियो दिखाने के बहाने से रविवार को अपने साथ ले गया और कथित रूप से बच्ची के साथ बलात्कार किया। बच्ची रोते हुए घर लौटी और उसने आरोपी के बारे में अपने माता-पिता को बताया जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए प्रवासी मजदूर को गिरफ्तार कर लिया।
तबतक बच्ची के माता-पिता ने पड़ोसियों को इस बात की जानकारी दे दी और वे सब संजय नगर थाने पर जमा हो गए और पुलिस से मांग करने लगे कि आरोपी को उन्हें सौंप दिया जाए। पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि वे पीड़िता के साथ इंसाफ सुनिश्चित करेंगे और आरोपी को सज़ा दिलवाएंगे। इसके बाद लोग वहां से चले गए।(भाषा)