Publish Date: Fri, 18 May 2018 (22:59 IST)
Updated Date: Sat, 19 May 2018 (00:03 IST)
मथुरा। थाना राया क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ 4 दिन तक उसके मौसा द्वारा कथित रूप से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष जीपी सिंह के अनुसार अलीगढ़ के खैर क्षेत्र निवासी एक महिला ने पति की मृत्यु के पश्चात अपनी 13 वर्षीय पुत्री को राया के पास उसकी नानी के घर रहने भेज दिया था। बीते दिनों नीमगांव निवासी महिला का बहनोई अपनी ससुराल आया और बच्ची को दवा दिलाने की कहकर अपने साथ ले गया।
उन्होंने बताया कि वह गत 15 मई को बच्ची को वापस उसकी नानी के पास छोड़ गया। जहां बच्ची ने अपनी नानी को मौसा द्वारा किए गए दुष्कर्म की जानकारी दी। जिस पर बच्ची की मां को बुलाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। (भाषा)