Publish Date: Sat, 10 Sep 2022 (18:09 IST)
Updated Date: Tue, 04 Oct 2022 (11:35 IST)
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में एक नाबालिग लड़की के बलात्कार के आरोप में 19 वर्षीय एक युवक को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी देते कहा कि आरोपी एक निजी कंपनी में पैंट्री बॉय के रूप में काम करता है और उसने लड़की को घुमाने का प्रलोभन दिया।
इसके बाद उसे तिघरा क्षेत्र में स्थित अपने एक दोस्त के घर ले गया, जहां उसने लड़की का बलात्कार किया। पुलिस ने कहा कि पीड़िता की मां ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में कहा कि जब वह गुरुवार को काम पर से घर वापस आई तो लड़की गायब थी। इसके बाद घरवालों ने उसकी खोजबीन शुरू की लेकिन उसका पता नहीं चला।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता ने कहा कि रात लगभग 10 बजे मेरी बेटी घर आई और रोने लगी। पूछने पर उसने बताया कि एक व्यक्ति उसे अपने दोस्त के घर ले गया और उसका बलात्कार करने के बाद उसे शादी के लिए मजबूर करने लगा।
पुलिस ने कहा कि सेक्टर 50 पुलिस थाने में आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण कानून (पॉक्सो) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सेक्टर 50 पुलिस थाना प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि हमने आरोपी को शुक्रवार रात को गिरफ्तार किया और उसने अपराध स्वीकार किया है। उसे आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी पश्चिम बंगाल का निवासी है और सेक्टर 30 क्षेत्र में रह रहा था।(भाषा)