Patna Gopal Khemka news in hindi : बिहार के पटना में उद्योगपति गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोपाल पर उस समय हमला हुआ जब वे क्लब से घर लौट रहे थे। अपार्टमेंट के गेट पर घात लगाए लोगों ने उन्हें गोली मार दी।
सिटी SP सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि 4 जुलाई की रात करीब 11 बजे गांधी मैदान साउथ क्षेत्र में सूचना मिली है कि व्यापारी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल पर घेराबंदी कर जांच की जा रही है। CCTV की जांच की जा रही है। घटनास्थल से एक गोली और एक खोखा बरामद हुआ है।
खेमका की हत्या की खबर से पटना में हड़कंप मच गया। परिवार वालों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद लगभग डेढ़ से दो घंटे तक पुलिस नहीं पहुंची। इससे पहले 2018 में खेमका के बेटे गुंजन की भी हत्या हुई थी।
कौन थे गोपाल खेमका : गोपाल खेमका पटना के जाने माने उद्योगपति थे। वे मगध हॉस्पटल के मालिक भी थे। वह लघु उद्योग प्रकोष्ठ के बिहार प्रदेश संयोजक भी रह चुके थे। खेमका का भाजपा से लगाव था हालांकि बेटे की हत्या के बाद उन्होंने पार्टी से दूरी बना ली थी।
क्या बोले पप्पू यादव : कांग्रेस सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि बिहार में महागुंडाराज। राजधानी पटना में गांधी मैदान के पास राज्य के बड़े उद्योगपति गोपाल खेमका जी की हत्या! शर्म से डूब मरो सरकार! बिहार पुलिस को चुल्लू भर पानी में नाक रगड़ कर आत्महत्या कर लेना चाहिए।
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा कि कि इस बच्चे को क्या दिलासा दूं? सात साल पहले गोपाल खेमका जी के पुत्र गुंजन खेमका की हत्या हुई थी, उन्हें न्याय का भरोसा दिलाने गया था। अगर उस वक्त सरकार अपराधियों की साझीदार न बनकर, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करती तो आज गोपाल खेमका जी की हत्या न होती! जैसे ही सूचना मिली मैं वहां पहुंचा। पर इस क्रूर महा गुंडाराज में कोई सुरक्षित नहीं है, अपराधियों का अभ्यारण्य बन गया बिहार! नीतीश जी बख्श दीजिए बिहार को।
edited by : Nrapendra Gupta