Publish Date: Tue, 08 Aug 2017 (19:57 IST)
Updated Date: Tue, 08 Aug 2017 (20:08 IST)
मुंबई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नारायण राणे ने कहा है कि मराठा समुदाय के गरीब लोगों को सरकारी नौकरी और शिक्षा के क्षेत्र में आरक्षण मिलने की उम्मीद है। उन्होंने मराठा समुदाय को आरक्षण मिलने के लिए अन्य समुदाय के लोगों से मदद करने की मांग की।
राणे ने मंगलवार को यहां बताया कि कल मराठा समुदाय मूक रैली का आयोजन करेगा। मूक रैली शांतिपूर्वक भायखला के चिड़ियाघर के पास पूर्वाह्न 11 बजे निकलेगी और ऐतिहासिक आजाद मैदान पर आकर रुकेगी।
उन्होंने कहा कि आजाद मैदान से एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस से मिलने जाएगा और उन्हें ज्ञापन देगा। फडनवीस से इस संबंध में बात भी होगी। उम्मीद है कि इस बार मराठा समुदाय को आरक्षण मिल सकता है।
उन्होंने मराठा समुदाय को आरक्षण मिलने के लिए अन्य समुदाय के लोगों से मदद करने की मांग की। राणे ने कहा कि कल मराठा मूक रैली के मंच से कोई राजनीतिक भाषण नहीं होगा। (वार्ता)