Publish Date: Thu, 23 Feb 2017 (11:34 IST)
Updated Date: Thu, 23 Feb 2017 (11:39 IST)
जानी-मानी लेखिका शोभा डे पुलिस के खिलाफ असंवेदनशील टिप्पणी को लेकर एक बार फिर आलोचनाओं के घेरे में हैं। इस बीच पुलिसकर्मी ने शोभा डे पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके पास दुबले होने का इलाज हो तो मेरा वजन कम करा दें।
बीएमसी चुनाव के शांतिपूर्ण मतदान के बाद डे ने एक मोटे पुलिसकर्मी की तस्वीर ट्वीट कर लिखा, 'मुंबई में आज हैवी पुलिस बंदोबस्त।' बाद में पता चला वह फोटो मुंबई पुलिस नहीं, बल्कि नीमच (मप्र) के टीआई दौलतराम जोगावत की है।
शोभा डे को मुंबई पुलिस के टि्वटर हैंडल से जवाब मिला, 'शोभा डे, मुंबई पुलिस मजाक पसंद करती है, लेकिन यह उपयुक्त नहीं है। मुंबई पुलिस को आप जैसे जिम्मेदार नागरिकों से बेहतर व्यवहार की उम्मीद रहती है।'
बाद में शोभा डे को जैसे ही पता चला कि फोटो मप्र पुलिस के जवान की है, तो उन्होंने एक और ट्वीट किया, 'मुंबई/महाराष्ट्र पुलिस प्रणाम! आपको दुख पहुंचाने का इरादा नहीं था। मप्र पुलिस, यदि यह आपके जवान की असली तस्वीर है तो विशेषज्ञों से संपर्क कीजिए।'
शोभा के ट्वीट से नाराज टीआई दौलतराम जोगावत ने कहा कि 1993 में गॉल ब्लेडर का ऑपरेशन हुआ था। वह फेल हो गया तो वजन बढ़ने लगा। इलाज कराया, लेकिन फर्क नहीं पड़ा। शोभा डे के पास दुबले होने का इलाज हो तो मेरा वजन कम करा दें। वजन अधिक होने से कामकाज पर असर नहीं पड़ता है। कोई खुशी से मोटा नहीं होता। बगैर जानकारी किसी का मजाक उड़ाना ठीक नहीं है।' मालूम हो, जोगावत का वजन करीब 180 किग्रा है।