Publish Date: Sat, 08 Feb 2020 (18:09 IST)
Updated Date: Sat, 08 Feb 2020 (18:23 IST)
तरनतारन। पंजाब के तरनतारन में पलासोर गांव के नजदीक शनिवार को शहीद बाबा दीप सिंह जयंती के अवसर पर निकाली जा रही शोभायात्रा में विस्फोट होने से कम से कम 15 लोगों के मारे जाने की आशंका है। इस धमाके में 30 लोगों के घायल होने की खबर है।
तरनतारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ध्रुव दहिया ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि विस्फोट के कारण लोगों के शव बिखड़े पड़े हैं। मृतकों की पहचान कराई जा रही है।
इससे पहले पुलिस महानिरीक्षक (बॉर्डर रेंज) सुरिन्दर पाल सिंह ने दुर्घटना में दो लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि तरनतारन में गांव पूहविंड से टाहला साहिब के लिए शोभायात्रा जा रही थी कि गांव पलासोर के नजदीक पहुंचने पर शोभायात्रा के साथ पटाखों को लेकर चल रही गाड़ी में विस्फोट होने से यह हादसा हुआ।
उन्होंने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि मृत्कों के चीथड़े उड़ गए। दुर्घटनास्थल के आसपास शवों के टुकड़े बिखरे पाए गए। सिंह ने बताया कि दुर्घटना पटाखों में चिंगारी गिरने से हुई।
अपुष्ट सूत्रों के अनुसार घटना में लगभग 6 लोगों के मरने की सूचना है। सुरिन्दर पाल सिंह ने बताया कि वे दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो रहे हैं। बचाव कार्य जारी है।
जिला उपायुक्त पीके सभरवाल ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी लेने के लिए एसडीएम को दुर्घटनास्थल के लिए रवाना किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।