Publish Date: Mon, 11 Jun 2018 (23:10 IST)
Updated Date: Mon, 11 Jun 2018 (23:12 IST)
ठाणे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राहुल मंगलवार को भिवंडी के मजिस्ट्रेट अदालत में मानहानि के मुकदमे में पेश हो सकते हैं।
ठाणे शहर के कांग्रेस अध्यक्ष मनोज शिंदे ने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता आनंद नगर चेक नाका पर एकत्र होंगे और राहुल गांधी का स्वागत करेंगे। गांधी मंगलवार सुबह 8 बजे इस मार्ग से गुजरेंगे इसलिए पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता यहां उपस्थित रहेंगे। गांधी पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार ठाणे और भिवंडी आ रहे हैं। गांधी का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेसी जमा होंगे और जिस रास्ते से गांधी गुजरेंगे, उस रास्ते पर पार्टी के झंडे लगाए जाएंगे।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भिवंडी के नेता राजेश कुंटे ने गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदर्म दर्ज कराया है। वर्ष 2014 में लोकसभा के चुनाव के दौरान गांधी भिवंडी में एक चुनावी सभा को संबोधित करते समय महात्मा गांधी की हत्या के लिए आरएसएस को जिम्मेदार ठहराया था। (वार्ता)