Publish Date: Thu, 13 Jul 2017 (16:16 IST)
Updated Date: Thu, 13 Jul 2017 (16:18 IST)
मुंबई। सोशल मीडिया के प्रयोग का एक सकारात्मक पक्ष सामने आया है। सीएसटी स्टेशन पर महिला को देखकर हस्तमैथुन करने वाले एक व्यक्ति को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पहले महिला ने पुलिस को शिकायत की, लेकिन पुलिस ने लापरवाही दिखाते हुए महिला को दूसरी जगह बैठने को कह दिया। इस मामले का वीडियो सोशलम मीडिया में आने के बाद रेलवे पुलिस ने व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
शिकायत करने वाली महिला ट्रेन के इंतजार में प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी। उसी समय ट्रेन में पहले से मौजूद आरोपी अशोक प्रधान उसको देखकर हस्तमैथुन करने लगा। इस दौरान महिला ने आरोपी की अश्लील हरकतों को मोबाइल से वीडियो बना लिया। इसके बाद जीआरपी से शिकायत करने गई, तो कहा गया कि अपनी सीट बदलकर कहीं और बैठ जाओ।
महिला के मुताबिक इसके बाद उसने यह वीडियो अपने ट्विटर, यू-ट्यूब और फेसबुक अकाउंट पर डाल दिया। रेलमंत्री और मुंबई पुलिस को टैग करते हुए ट्वीट कर दिया। यह वीडियो वायरल हो गया। इसकी सूचना रेलवे प्रशासन को मिली। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिकर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। (एजेंसियां)