Publish Date: Fri, 02 Jun 2023 (11:10 IST)
Updated Date: Fri, 02 Jun 2023 (11:14 IST)
Chhatisgarh News : छत्तीसगढ़ में 2023 के अंत में होने वाले चुनावों के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही कमर कस ली है। चुनाव से पहले दोनों ही दल राम जी और हनुमान जी की शरण में जाते दिख रहे हैं। सीएम बघेल ने माता कौशल्या को छत्तीसगढ़ की बेटी और राम को भानजा बताया।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायगढ़ में 3 दिवसीय राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान चालीसा से हुई। सभी को हनुमान चालीसा की प्रति भी बांटी गई।
सीएम बघेल ने कहा है कि भगवान श्री राम ने अपने वनवास के 10 साल छत्तीसगढ़ में गुजारे। इस दौरान भगवान श्री राम ने कितनी कठिनाई झेली पर अपनी मर्यादा नहीं खोई। भगवान राम जब वन गए तो मर्यादा पुरूषोत्तम बन गए। उनके इस चरित्र निर्माण में छत्तीसगढ़ का भी अंश है।
हाल ही में भाजपा से कांग्रेस में आए नंदकुमार साय ने छत्तीसगढ़ में राम राज्य की बात कही। उन्होंने भूपेश बघेल को सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री करार दिया और राम को सबका बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार रामायण महोत्सव हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि कर्नाटक चुनाव में हनुमान जी और बजरंग दल विवाद के बाद से ही भाजपा भी छत्तीसगढ़ में हनुमान चालीसा का पाठ कर रही है। लगभग सभी बड़े भाजपा नेता राज्य में हनुमान चालीसा का पाठ कर चुके हैं। अब कर्नाटक चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस ने भी हनुमान जी पर राजनीति शुरू कर दी है।
webdunia
Publish Date: Fri, 02 Jun 2023 (11:10 IST)
Updated Date: Fri, 02 Jun 2023 (11:14 IST)