Publish Date: Mon, 21 Aug 2017 (19:46 IST)
Updated Date: Mon, 21 Aug 2017 (19:48 IST)
जयपुर। जयपुर के करणी विहार थाना क्षेत्र में एक युवक ने रविवार देर रात अपने पड़ोसी के घर में घुसकर वहां सो रही छह साल की बच्ची को अगवा कर उसके साथ कथित रूप से बलात्कार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
करणी विहार थाना पुलिस के अनुसार, ज्ञानेन्द्र शुक्ला ने शनिवार की रात अपने पड़ोसी के मकान में घुसकर वहां सो रही छह साल की बच्ची को अगवा किया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया। बच्ची के विरोध करने पर उसने पत्थर से उसके सिर पर वार किया और वहां से फरार हो गया।
अधिकारी ने बताया कि वारदात के वक्त आरोपी नशे में था। उन्होंने कहा कि बच्ची को जेके लोन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बच्ची के परिजनों की शिकायत और उसके द्वारा बताए गए हुलिया के आधार पर पुलिस ने शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। (भाषा)