Publish Date: Mon, 22 Jul 2019 (23:13 IST)
Updated Date: Mon, 22 Jul 2019 (23:42 IST)
मुंबई। इसरो के दूसरे चंद्र अभियान 'चंद्रयान 2' के सफल प्रक्षेपण पर बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अक्षय कुमार और विद्या बालन ने अंतरिक्ष एजेंसी को बधाई दी।
भारत ने सोमवार को श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से अपने शक्तिशाली रॉकेट जीएसएलवी-एमकेIIII-एम1 के जरिए 'चंद्रयान 2' का सफल प्रक्षेपण किया। 'चंद्रयान 2' चंद्रमा के अब तक अनछुए रहे दक्षिणी ध्रुव में एक रोवर को लैंड करेगा, जो चंद्रमा के इस क्षेत्र की पड़ताल कर वहां से नई-नई जानकारियां जुटाएगा।
शाहरुख ने 2004 की अपनी फिल्म 'स्वदेश' में नासा के प्रोजेक्ट मैनेजर की भूमिका निभाई थी। इसरो की इस उपलब्धि के लिए उन्होंने ट्विटर पर उसकी प्रशंसा की।
अपनी चर्चित फिल्म 'यस बॉस' के गीत 'चांद-तारे तोड़ लाऊं/ सारी दुनिया पर मैं छाऊं...' की पंक्तियों का जिक्र करते हुए 53 वर्षीय अभिनेता ने कहा कि इसे करने के लिए कई-कई घंटे अथक परिश्रम, निष्ठा और विश्वास की जरूरत है। 'टीम इसरो' और 'चंद्रयान 2' को बधाई।
फिल्मकार करण जौहर ने पोस्ट किया कि हम सभी खुशकिस्मत हैं कि हम इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। 'चंद्रयान 2' ऐसा पहला मिशन है जिसका 2 महिलाओं मुथैया वनिता और ऋतु करिधल ने नेतृत्व किया। महिलाएं अब वास्तव में दुनिया और उसके पार भी राज कर रही हैं... महिला शक्ति, टीम इसरो को बधाई।
फिल्मकार शेखर कपूर ने नरेन्द्र मोदी के बधाई ट्वीट पर अपने जवाब में लिखा कि उन्हें इसरो के वैज्ञानिकों पर गर्व है। रॉकेट जीएसएलवी-एमकेIII-एम1 ने चंद्रयान 2 को सफलतापूर्वक पृथ्वी की कक्षा में स्थापित कर दिया। भारी पेलोड ले जाने की क्षमता के कारण ही इस रॉकेट को 'बाहुबली' नाम दिया गया है।
'बाहुबली' श्रृंखला की सुपरहिट फिल्मों के निर्देशक एसएस राजामौली और अभिनेता प्रभास ने कहा कि उन्हें गर्व है कि इस रॉकेट को उनकी फिल्म के नाम से पुकारा जाता है। राजामौली ने ट्वीट किया कि 'इसरो ने इतिहास रच दिया। चंद्रयान 2... जीएसएलवी-एमकेIII के सफल प्रक्षेपण के लिए बधाई... जय हिन्द।'
तापसी पन्नू, शरमन जोशी समेत 'मिशन मंगल' के सितारों ने भी भारतीय वैज्ञानिकों की जोरदार प्रशंसा की। अभिनेता अक्षय कुमार ने लिखा कि इसरो ने एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। टीम को सलाम जिन्होंने चंद्रयान 2 की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अपने अनगिनत दिन दिए।
अभिनेत्री विद्या बालन ने ट्वीट किया कि कोई भी मंजिल दूर नहीं होती अगर हौसला बुलंद हो तो! 'चंद्रयान 2' की सफलता से इसरो ने एक बार फिर साबित किया है। तापसी पन्नू ने लिखा कि इसरो, चंद्रयान 2, गौरवशाली पल है।
वहीं अभिनेता शरमन जोशी ने इसरो टीम को 'वास्तविक सुपरहीरो' बताया। उन्होंने लिखा कि नामुमकिन को फिर मुमकिन किया है इसरो ने। वास्तविक सुपरहीरो को मेरी शुभकामनाएं जिन्होंने हमें सिखाया है कि आसमान की कोई सीमा नहीं है।
webdunia
Publish Date: Mon, 22 Jul 2019 (23:13 IST)
Updated Date: Mon, 22 Jul 2019 (23:42 IST)