Publish Date: Mon, 03 Dec 2018 (20:03 IST)
Updated Date: Mon, 03 Dec 2018 (20:20 IST)
कानपुर। कानपुर नगर और कानपुर देहात जनपद की अलग-अलग सीटों से 5 बार विधायक रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवकुमार बेरिया को सपा ने 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। माना जा रहा है कि उन्हें शिवपाल सिंह यादव गुट से नजदीकियों के चलते पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
जनता दल से राजनीति शुरू करने वाले शिवकुमार बेरिया 2 बार विधायक बनने के बाद मुलायम सिंह यादव के साथ हो लिए। इसके बाद से वे लगातार सपा से जुड़े रहे और 3 बार विधायक चुने गए और अखिलेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे। हालांकि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा की लहर के चलते उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
सपा में रहने के दौरान उनकी नजदीकी ज्यादातर शिवपाल सिंह यादव से रही जिसके चलते सपा में पारिवारिक कलह के दौरान से ही कयास लगाए जा रहे थे कि किसी भी समय इन्हें पार्टी से बाहर किया जा सकता है लेकिन मौका नहीं मिल रहा था। 2 दिन पहले कानपुर देहात में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को एक कार्यक्रम में मौका मिल गया।
इस कार्यक्रम के तहत अखिलेश यादव को नोटबंदी के समय बैंक में मां के लाइन लगने के दौरान जन्मे बच्चे खजांचीनाथ के जन्मदिन पर एक मकान भेंट करना था लेकिन कार्यक्रम में खजांची नाथ व उसकी मां सर्वेशा देवी नहीं पहुंची थीं।
इसके चलते अखिलेश यादव ने मंच से कह दिया कि पार्टी के कुछ नेता कार्यक्रम बिगाड़ना चाहते हैं और इशारा शिवकुमार बेरिया की तरफ था। इसके बाद सोमवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने पत्र जारी करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवकुमार बेरिया और रसूलाबाद विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप यादव को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने व गुटबाजी के चलते 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
इसकी पुष्टि करते हुए कानपुर देहात के जिलाध्यक्ष समरथ पाल ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निष्कासित कर दिया है और अब दोनों नेता पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे।