Publish Date: Fri, 06 Aug 2021 (17:14 IST)
Updated Date: Fri, 06 Aug 2021 (17:17 IST)
सहारनपुर। उतरप्रदेश के सहारनपुर जिले में थाना मिर्जापुर के अंतर्गत आवारा कुत्तों के झुंड ने शुक्रवार को 8 साल के एक मासूम बच्चे को नोच-नोचकर मार डाला। बच्चे की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
एसपी देहात अतुल शर्मा ने बताया कि थाना मिर्जापुर क्षेत्र के ग्राम पाण्डली ग्रन्ट निवासी शाहिद का 8 वर्षीय पुत्र आमिर गांव मे एक बाग में सुबह को खेल रहा था तभी आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला।
उन्होंने बताया कि आसपास के ग्रामीणों की नजर जब पड़ी तो उन्होंने कुत्तों को भगाया और आमिर को उपचार के लिए चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने आमिर को मृत घोषित कर दिया।(भाषा)