Publish Date: Sat, 28 Jul 2018 (20:07 IST)
Updated Date: Sat, 28 Jul 2018 (20:10 IST)
गया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने राज्य में कानून व्यवस्था की खराब स्थिति के विरोध में शनिवार को गया से पटना तक की साइकिल यात्रा की शुरुआत की और आरोप लगाया कि प्रदेश में राक्षस राज कायम हो गया है।
बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना और ध्यान के बाद 'लूट, हत्या, बलात्कार, अब नहीं सहेगा बिहार, उखाड़ फेंको नीतीश सरकार' के नारे के साथ 'एनडीए भगाओ, बेटी बचाओ' साइकिल यात्रा पर निकले यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासन में कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। यहां तक कि सरकार की देखरेख में चल रहे अल्पावास गृह में भी लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर बालिका अल्पावास गृह में 29 बच्चियों के साथ यौन शोषण की शर्मनाक घटना हुई है, जहां राज्य सरकार के अधिकारी लगातार निरीक्षण करते थे।
बारिश के बीच साइकिल यात्रा पर निकले पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है। ऐसा लगता है कि बिहार में राक्षस राज आ गया है। कहीं दुर्योधन द्रौपदी का चीरहरण कर रहा है तो कहीं रावण सीता मइया का अपहरण कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार में अभी रावण और दुर्योधन की सरकार चल रही है। सरकार अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय उसे बचाने का प्रयास कर रही है। (वार्ता)