Publish Date: Fri, 01 Sep 2023 (17:21 IST)
Updated Date: Fri, 01 Sep 2023 (17:25 IST)
Threat to blow up Taj Hotel : मुंबई पुलिस ने दक्षिण मुंबई में स्थित मशहूर होटल ताज पर 'आतंकी हमले' की झूठी 'कॉल' करने के आरोप में 36 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को सांताक्रूज पुलिस को सौंप दिया गया है और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 505 (1) (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस के नियंत्रण कक्ष में बृहस्पतिवार को आतंकी हमले के बारे में एक 'कॉल' प्राप्त हुई थी, जिसके बाद मामले में अपराध शाखा ने जांच शुरू की। फोन करने वाले ने खुद को गाजियाबाद निवासी मुकेश सिंह बताया और दावा किया कि दो पाकिस्तानी नागरिक 26/11 हमले में निशाना बने होटल ताज को उड़ाने के लिए समुद्री मार्ग से मुंबई में प्रवेश करने वाले हैं।
अपराध शाखा की इकाई-नौ ने मुंबई के सांताक्रूज में कॉल करने वाले का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि लोगों में दहशत फैलाने के लिए फर्जी कॉल की गई थी। पुलिस ने फोन करने वाले की पहचान गोलीबार रोड इलाके के निवासी जगदंबा प्रसाद सिंह के रूप में की।
सिंह को सांताक्रूज पुलिस को सौंप दिया गया है और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 505 (1) (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा जनता में भय पैदा करने के इरादे से संबंधित है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)