Publish Date: Fri, 26 Jun 2020 (12:32 IST)
Updated Date: Fri, 26 Jun 2020 (12:35 IST)
बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सरयू नदी के उग्र तेवर से तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मानसून की पहली बारिश में ही नदी उफान पर आ गई है। हालांकि खतरे के निशान से 13 सेमी नीचे है। तेज कटान होने के कारण नदी का दबाव विक्रमजोत लोलपुर बांध पर बना हुआ है। कटान से कल्याणपुर और भरथापुर गांव को खतरा पैदा हो गया है। नदी इन गांवों की खेती योग्य जमीन को काट रही है।
बाढ़ और कटान की स्थिति का जायजा लेने गुरुवार देर शाम जल संसाधन मंत्री महेंद्रसिंह ने विक्रमजोत लोलपुर बांध पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण करने के बाद विभागीय अधिकारियों से कहा कि बांध निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। नदी के कटान से प्रभावित गांव को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाए। (वार्ता)