Publish Date: Wed, 29 Nov 2017 (08:13 IST)
Updated Date: Wed, 29 Nov 2017 (08:16 IST)
लखनऊ। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली समेत उत्तर प्रदेश के 26 जिलों में नगर निकाय के अन्तिम और तीसरे दौर का मतदान बुधवार सुबह साढ़े सात बजे शुरू हो गया। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। मतदान से जुड़ी हर जानकारी...
* सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर चहल पहल शुरू हो गई थी।
* कुछ मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई थी। हालांकि, कुछ पर इक्का दुक्का मतदाता ही दिखाई पड़ रहे थे।
* मतदान के दौरान कानून व्यवस्था को चाकचौबंद रखने की जिम्मेदारी 80 हजार सुरक्षाकर्मियों पर है जिनमें सीआरपीएफ की 40 कंपनियां भी शामिल हैं।
* इस चरण में सहारनपुर, बागपत, बुलंदशहर, मुरादाबाद, संभल, बरेली, एटा, फिरोजाबाद, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, झांसी, महोबा, फतेहपुर, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, मऊ, चंदौली, जौनपुर तथा मिर्जापुर जिलों में मतदान हो रहा है।
* इस दौर में पांच नगर निगमों सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, फिरोजाबाद और झांसी में वोट डाले जा रहे हैं। इसके साथ ही कुल 233 निकायों के 4,299 वार्डों के लिए मतदान हो रहा है।
* इस चरण में सहारनपुर और फिरोजाबाद में पहली बार नगर निगम के लिए चुनाव हो रहा है।
* झांसी के महापौर पद के लिये पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता प्रदीप जैन आदित्य के प्रत्याशी बनने से वहां चुनाव दिलचस्प हो गया है।
* मतगणना एक दिसम्बर को होगी।
* इससे पूर्व पहले चरण के लिए 24 जिलों में मतदान गत 22 नवम्बर को हुआ था। उस चरण में 52 प्रतिशत से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
* दूसरे चरण में गत 26 नवम्बर को हुआ मतदान करीब 52 प्रतिशत रहा।