Publish Date: Wed, 04 May 2016 (19:14 IST)
Updated Date: Wed, 04 May 2016 (19:22 IST)
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल और सीबीआई ने एक संयुक्त अभियान के तहत व्यापमं घोटाले के मुख्य आरोपियों में शामिल रमेश शिवहरे को आज कानपुर से गिरफ्तार कर लिया जो पिछले तीन साल से फरार था।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद ने कहा कि हमने आज सुबह शिवहरे को गिरफ्तार किया। व्यापमं घोटाले से जुड़े कई मामलों में सीबीआई को उसकी तलाश थी।
सीबीआई सूत्रों ने यहां बताया कि सीबीआई ने व्यापमं नाम से जाने जाने वाले मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल के काम-काज में कथित अनियमितताओं से संबंध में पांच मामलों की जांच की थी जिनमें शिवहरे वांछित था।
उन्होंने बताया कि शिवहरे पिछले तीन साल से फरार था और उसे पकड़ने में मदद करने वालों को 10,000 रुपए का पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई थी। उत्तर प्रदेश के निवासी शिवहरे की पत्नी महोबा में स्थानीय निकाय की एक सदस्य थी।
उन्होंने बताया कि शिवहरे इस घोटाले में अहम भूमिका निभाने वालों में से एक था और उसे यूपीएसटीएफ और सीबीआई ने एक संयुक्त अभियान के तहत कानपुर के कल्याणपुर इलाके की आवास विकास कॉलोनी से गिरफ्तार किया। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Wed, 04 May 2016 (19:14 IST)
Updated Date: Wed, 04 May 2016 (19:22 IST)