Publish Date: Thu, 21 Jan 2021 (15:03 IST)
Updated Date: Thu, 21 Jan 2021 (15:13 IST)
चंदननगर। पश्चिम बंगाल में भाजपा के हुगली जिला की युवा इकाई के अध्यक्ष सुरेश साहू समेत 3 कार्यकर्ताओं को पार्टी के नेता शुभेन्दु अधिकारी के रोडशो के दौरान गोली मारो... के आपत्तिजनक नारे लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अदालत ने दोनों की जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें 30 जनवरी तक न्यायीक हिरासत पर भेज दिया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने बुधवार को हुगली जिला में पार्टी के कार्यक्रम में इस तरह की कथित नारेबाजी की थी, जिसके बाद जिला पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए एक मामला दर्ज किया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए तीनों लोगों को अदालत में पेश किया जाएगा।
हुगली की सांसद लॉकेट चटर्जी और राज्यसभा सदस्य स्वप्न दासगुप्ता के साथ शुभेन्दु अधिकारी के रथाला इलाके में रोड शो के दौरान उनके ट्रक के पीछे चल रहे कार्यकर्ताओं ने भाजपा का झंडा और तिरंगा थाम रखा था।
भाजपा प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा का झंडा हाथों में थामकर इस तरह की नारेबाजी किए जाने का पार्टी समर्थन नहीं करती है।