Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
Thursday, 24 April 2025
webdunia

कौन हैं रेखा गुप्ता, जो बनीं दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री

Advertiesment
हमें फॉलो करें Who is Rekha Gupta new Chief Minister of Delhi

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, बुधवार, 19 फ़रवरी 2025 (20:50 IST)
Rekha Gupta : दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से भाजपा की उम्मीदवार रेखा गुप्ता की जीत ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की दौड़ में एक मजबूत दावेदार बना दिया था। आखिरकार आज विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लग गई है और वे दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री पद के लिए चुन ली गई हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता वर्तमान में भाजपा की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। एलएलबी की डिग्री ले चुकी रेखा गुप्ता आरएसएस से लंबे समय से जुड़ी हुई हैं और उन्हें भाजपा की जमीनी नेताओं में गिना जाता है।

कौन हैं रेखा गुप्ता : रेखा गुप्ता का जन्म जींद जिले के जुलाना उपमंडल के नंदगढ़ गांव 1974 में हुआ था। जब वे दो साल की थीं, उनके पिता की नौकरी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में बतौर मैनेजर लगी। इसके बाद वे दिल्ली चले गए और 1976 में पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया। रेखा गुप्ता की पूरी पढ़ाई-लिखाई दिल्ली में हुई। इसी दौरान वे ABVP (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) से जुड़ गईं और राजनीति में सक्रिय हो गईं।

कैसे की राजनीति की शुरुआत : विधायक बनने से पहले पार्षद, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की पूर्व महासचिव और अध्यक्ष हैं, पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य हैं और पार्टी की दिल्ली राज्य इकाई की महासचिव हैं। रेखा गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय की सचिव व प्रधान भी रह चुकी हैं।

श्रीमती 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डीयूएसयू) की अध्यक्ष चुनी गईं। इसके बाद उन्होंने नागरिक राजनीति में किस्मत आजमाई और तीन बार पार्षद बनीं तथा दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर भी रहीं। उन्होंने 2022 में दिल्ली नगर निगम के मेयर पद के लिए ‘आप’ की शैली ओबेरॉय के खिलाफ भी चुनाव लड़ा था।
 
श्रीमती गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग निर्वाचन क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी पर 29,000 से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की। वह 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में इसी प्रतिद्वंद्वी से हार गई थीं।

श्रीमती गुप्ता भाजपा की दिल्ली इकाई की महासचिव और पार्टी की महिला शाखा- महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रही हैं। रेखा गुप्ता अब भी समय-समय पर जुलाना आती रहती हैं। कभी कभार गांव में भी गई हैं। वे शालीमार बाग से भाजपा के टिकट पर पहली बार विधायक बनीं।

रेखा गुप्ता का जुड़ाव शहरी और ग्रामीण दोनों ही समाजों से रहा है, क्योंकि उनका परिवार जुलाना (हरियाणा) में व्यापार करता है, जबकि उनका राजनीतिक और शैक्षिक विकास दिल्ली में हुआ। रेखा गुप्ता की शादी 28 जून 1998 को मनीष गुप्ता से हुई थी। मनीष पेशे से व्यवसायी हैं। इनके दो बच्चे हैं, जिनमें से बेटा निकुंज गुप्ता और बड़ी बेटी हर्षिता गुप्ता है।

रेखा गुप्ता ने प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा राष्ट्रीय राजधानी तथा उत्तर प्रदेश के मेरठ से पूरी की। उन्होंने बीकॉम की उपाधि दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से हासिल की, जबकि मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से 2022 में एलएलबी की पढ़ाई पूरी की।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Rekha Gupta : रेखा गुप्ता के हाथ में होगी दिल्ली की कमान, विधायक दल की बैठक में फैसला