Publish Date: Sat, 24 Feb 2018 (17:59 IST)
Updated Date: Sat, 24 Feb 2018 (18:01 IST)
मुरैना। आपने अक्सर सांप से काटने से होने वाली मौत की खबरें सुनी होंगी, लेकिन जिले की सबलगढ़ तहसील के पचेर गांव में शुक्रवार शाम शराब के नशे में धुत एक युवक ने एक सांप को दबोच लिया और उसे काट लिया। इससे सांप की मौत हो गई। शराबी युवक भी बाद में बेहोश होकर गिर पड़ा।
जिला अस्पताल में भर्ती युवक को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. राघवेंद्र यादव ने बताया कि कल्याण जालिम सिंह कुशवाह (34) ने शुक्रवार को अपने खेत पर शराब पी, तभी वहां एक जहरीला सांप निकला।
सांप को देखते ही वह बौखला गया और उसने झपट्टा मार सांप को दबोच लिया और उसे काट लिया। सांप ने कुछ देर बाद ही दम तोड़ दिया। डॉ. यादव के मुताबिक सांप का जहर जैविक प्रोटीन होता है। बॉडी में इंजेक्ट होने और खून में मिलने के बाद ही इसका असर होता है। युवक को ज़हर का असर नहीं हुआ. वह अधिक शराब पिए होने और घबराहट की वजह से बेहोश हो गया था। होश में आने के बाद युवक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।