Publish Date: Sat, 20 Aug 2016 (00:29 IST)
Updated Date: Sat, 20 Aug 2016 (00:31 IST)
नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) रियो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली पीवी सिंधू को 50 लाख रुपए और कोच पुलेला गोपीचंद को 10 लाख रुपए का पुरस्कार देगा। बाई के अध्यक्ष अखिलेख दास गुप्ता ने सिंधू को रजत पदक की उपलब्धि के लिए यह घोषणा की। बाई अध्यक्ष ने कहा, मैं सिंधू को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं। उन्होंने भारतीय बैडमिंटन में एक नया कीर्तिमान बनाया है और इससे पता चलता है कि विश्व मानचित्र पर भारतीय बैडमिंटन की ताकत बढ़ रही है।
अखिलेश दास ने कहा, सिंधू का यह रजत लाखों बच्चों को बैडमिंटन में आगे आने के लिए प्रेरित करेगा। मैं बाई और भारतीय बैडमिंटन समुदाय की तरफ से सिंधू को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं। मैं साथ ही कोच गोपीचंद को भी बधाई देता हूं जिन्होंने भारतीय बैडमिंटन को नयी ऊंचाइयां प्रदान की। हमें खुशी है कि हमारे पास उनके जैसा कोच और मेंटर है।
शिवराज ने सिंधू को 50 लाख रुपए देने की घोषणा की : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने रियो ओलंपिक की बैडमिंटन प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर इतिहास बनाने वाली पुसारला वेंकट सिंधू को शुक्रवार को बधाई देते हुए उन्हें 50 लाख रुपए की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।
शिवराज ने अपने बधाई संदेश में कहा, सिंधू आपको इस ऐतिहासिक सफलता पर ढेरों बधाई। आपने रियो में रजत पदक जीतकर देश के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय रच दिया है। पूरे देश को आपकी इस शानदार उपलब्धि पर गर्व है। मुख्यमंत्री ने सिंधू के लिए 50 लाख की पुरस्कार राशि की भी घोषणा की। (वार्ता)