Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Russia Ukraine War : रूस ने पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों पर दी कड़ी चेतावनी, उठा सकता है यह जवाबी कदम...

हमें फॉलो करें Russia Ukraine War : रूस ने पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों पर दी कड़ी चेतावनी, उठा सकता है यह जवाबी कदम...
, शनिवार, 26 फ़रवरी 2022 (20:19 IST)
मॉस्को। रूस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने चेतावनी दी है कि यूक्रेन पर हमले के कारण पश्चिमी देशों के लगाए गए प्रतिबंधों पर रूस जवाबी कदम उठा सकता है। उन्होंने कहा कि रूस बाकी परमाणु हथियार समझौते से भी बाहर निकल जाएगा और पश्चिमी देशों की संपत्तियों पर रोक लगा देगा।

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अध्यक्षता वाली सुरक्षा परिषद के उप प्रमुख दिमित्री मेदवेदेव ने पश्चिमी देशों की राजनीतिक अक्षमता के प्रतिबिंब के रूप में रूस पर अमेरिका, यूरोपीय संघ और अन्य देशों द्वारा लगाए गए गंभीर प्रतिबंधों को खारिज कर दिया।

रूसी सोशल मीडिया ‘वीकोनटाके’ पर अपने पेज पर पोस्ट टिप्पणियों में मेदवेदेव ने कहा कि प्रतिबंध मॉस्को को पश्चिमी देशों के साथ अपने संबंधों की पूरी समीक्षा का मौका दे सकता है। उन्होंने कहा कि रूस न्यू स्टार्ट परमाणु हथियार नियंत्रण संधि से भी बाहर निकल सकता है जिसका उद्देश्य अमेरिका और रूसी परमाणु शस्त्रागार को सीमित करना है।

मेदवेदेव ने पश्चिमी देशों के साथ राजनयिक संबंध तोड़ने की संभावना भी जताते हुए कहा, राजनयिक संबंध बनाए रखने की कोई विशेष आवश्यकता नहीं है। उन्होंने जवाबी कदम के तहत रूस में पश्चिमी देशों की संपत्तियों पर रोक लगाने का भी संकेत दिया।

प्राग : चेक गणराज्य की सरकार ने यूक्रेन को और हथियार भेजने की योजना को मंजूरी दे दी है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि वह तुरंत मशीनगन, सबमशीन गन, असॉल्ट राइफल और पिस्तौल के साथ 18.8 करोड़ चेक क्राउन (86 लाख डॉलर) के गोला-बारूद भेज रहा है।

मंत्रालय ने कहा कि चेक गणराज्य की सरकार हथियारों को भेजेगी और फिर यूक्रेन के अधिकारी निर्धारित स्थान तक उसे ले जाएंगे।

पोलैंड : पोलैंड फुटबॉल संघ ने कहा है कि रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के कारण वह रूस के खिलाफ अपना विश्व कप क्वालीफाइंग मैच नहीं खेलेगा। फुटबॉल संघ के अध्यक्ष सेजरी कुलेजा ने ट्वीट किया, कोई और शब्द नहीं, यह कार्य करने का समय है। उन्होंने कहा कि यह कदम आक्रामकता बढ़ने के कारण उठाया गया है। यह मैच 24 मार्च को होना था।

कीव : यूक्रेन की राजधानी के बाहरी इलाके में शनिवार को एक बहुमंजिला इमारत पर रॉकेट हमले में कम से कम छह लोग घायल हो गए। बचाव अभियान से जुड़े एक कर्मचारी ने इसकी जानकारी दी।

बचाव अभियान में हिस्सा ले रहे दमकलकर्मी पेट्रो प्रोकोपोव ने बताया कि कीव के दक्षिण-पश्चिम छोर पर झूलियानी हवाई अड्डे के पास एक बहुमंजिला इमारत की 16वीं और 21वीं मंजिल के बीच राकेट टकराया। उन्होंने बताया कि कम से कम छह लोग घायल हो गए और इमारत के दो तल पर आग लग गई। बचाव अभियान से जुड़े कर्मियों ने 80 लोगों को बचाया।

कीव : यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्री विक्टर ल्याशको ने कहा है कि रूस के हमले में 198 लोग मारे गए हैं और 1 हजार से अधिक लोग घायल हुए हैं। ल्याशको ने शनिवार को बताया कि मरने वालों में तीन बच्चे भी हैं। उनके बयान से यह स्पष्ट नहीं हुआ कि हताहतों में कितने सैनिक और आम नागरिक हैं।

ल्याशको ने कहा कि बृहस्पतिवार को बड़े पैमाने पर हवाई और मिसाइल हमलों तथा उत्तर, पूर्व और दक्षिण से यूक्रेन में सैनिकों के अभियान के साथ शुरू हुए रूसी आक्रमण में 33 बच्चों सहित 1,115 लोग घायल हो गए।(भाषा)


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Russia Ukraine War : यूक्रेन से भारत पहुंचे केरल के छात्रों का खर्च उठाएगी राज्‍य सरकार, CM विजयन ने किया ऐलान