Publish Date: Thu, 24 Apr 2025 (11:47 IST)
Updated Date: Thu, 24 Apr 2025 (12:08 IST)
पाकिस्तान के ओलंपिक चैम्पियन अरशद नदीम (Arshad Nadeem) ने बुधवार को कहा कि बेंगलुरू में 24 मई को एनसी क्लासिक भालाफेंक टूर्नामेंट (Neeraj Chopra Classic Javelin Throw Tournament) में भाग लेने का नीरज चोपड़ा का न्योता उन्होंने ठुकरा दिया है क्योंकि वह इस दौरान आगामी एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की तैयारियों में व्यस्त होंगे।
नदीम ने कहा , एनसी क्लासिक (NC Classic) प्रतियोगिता 24 मई को है जबकि मैं 22 मई को एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए कोरिया रवाना हो जाऊंगा।
उन्होंने कहा कि वह 27 से 31 मई तक कोरिया में होने वाली एशियाई चैम्पियनशिप के लिए काफी मेहनत कर रहे हैं।
चोपड़ा ने सोमवार को मीडिया से वर्चुअल बातचीत में कहा था , मैने अरशद को न्योता भेजा है और उसने कहा कि अपने कोच से बात करके वह जवाब देगा। अभी तक उसने भागीदारी की पुष्टि नहीं की है।
नदीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में 92 . 97 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो फेंककर स्वर्ण पदक जीता था जबकि चोपड़ा ने 89 . 45 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता।
पहली नीरज चोपड़ा भालाफेंक प्रतियोगिता में ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (Anderson Peters) और जर्मनी के थॉमस रोलेर (Thomas Röhler) जैसे सितारे भाग ले रहे हैं। (भाषा)
About Writer
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम....
और पढ़ें