Publish Date: Sun, 31 Mar 2019 (18:30 IST)
Updated Date: Sun, 31 Mar 2019 (18:36 IST)
लखनऊ। चीन में 23 से 28 अप्रैल तक आयोजित एशियन कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय महिला पहलवानों की 10 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया गया। टीम में 70 प्रतिशत कोटे पर रेलवे का वर्चस्व रहा। 10 में से 7 महिला पहलवान भारतीय रेलवे की चुनी गईं। भारतीय महिला पहलवान 10 भार वर्गों में दमखम दिखाएंगी।
सरोजिनी नगर स्थित साई सेंटर में हुई चयन प्रक्रिया में देशभर की पहलवानों ने हिस्सा लिया। पहलवानों की सफलता पर रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सचिव प्रेमचंद लोचब और खेल खेल अधिकारी रविंदर कुमार रेलवे बोर्ड ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी।
रेलवे कुश्ती टीम के प्रशिक्षक और अर्जुन अवॉर्डी कृपाशंकर बिश्नोई ने उम्मीद जताई है कि एशियन कुश्ती में भारतीय महिला पहलवान नया इतिहास रचेंगी।
इन महिला पहलवानों ने भारतीय टीम में जगह बनाई : 50 किलो भार वर्ग में सीमा (रेलवे), 53 किलो भार वर्ग में विनेश फोगाट (रेलवे), 55 किलो भार वर्ग में ललिता (रेलवे), 57 किलो भार वर्ग में पूजा ढांडा (हरियाणा), 59 किलो भार वर्ग में मंजू (हरियाणा), 62 किलो भार वर्ग में साक्षी मलिक (रेलवे), 65 किलो भार वर्ग में नवजोत कौर (रेलवे), 68 किलो भार वर्ग में दिव्या काकरान (रेलवे), 72 किलो भार वर्ग में किरण बिश्नोई (रेलवे) और 76 किलो भार वर्ग में पूजा (हरियाणा) दमखम दिखाएंगी।