Publish Date: Fri, 20 Jul 2018 (18:43 IST)
Updated Date: Fri, 20 Jul 2018 (19:06 IST)
नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को इंडोनेशिया के जकार्ता और पालेमबंग में 18 अगस्त से 2 सितंबर तक होने वाले 18वें एशियाई खेलों के लिए भारतीय दल का दल प्रमुख नियुक्त किया गया है।
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। इन खेलों में भारत का 525 खिलाड़ियों और 300 अधिकारियों को मिलाकर 825 सदस्यीय दल हिस्सा लेगा। भारत की तरफ से पिछले इंचियोन एशियाई खेलों में 515 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
आईओए ने दल प्रमुख के अलावा 4 उप दल प्रमुख भी नियुक्त किए हैं जिनमें बलबीर सिंह कुशवाहा, राजकुमार सचेती, देवकुमार सिंह और कर्नल सत्यव्रत श्योरण शामिल हैं। आईओए पहले ही एशियाई खेलों के लिए 525 सदस्यीय दल की घोषणा कर चुका है।
आईओए के अध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र ध्रुव बत्रा ने गत रविवार को यहां मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में एशियाई खेलों के लिए मशाल रिले को रवाना किए जाने के बाद संवाददाता सम्मेलन में बताया था कि इन खेलों में भारत का 525 खिलाड़ियों और 300 अधिकारियों को मिलाकर 825 सदस्यीय दल हिस्सा लेगा। भारत ने पिछले खेलों में 11 स्वर्ण, 9 रजत और 37 कांस्य सहित कुल 57 पदक जीते थे और वह तालिका में 8वें स्थान पर रहा था।
आईओए के महासचिव राजीव मेहता ने एशियाई खेलों के लिए दल प्रमुख और 4 दल प्रमुखों को उनकी नियुक्ति के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन में भारतीय दल इन खेलों में अच्छा प्रदर्शन करेगा और ये अधिकारी इन खेलों में अच्छा दल प्रबंधन भी सुनिश्चित करेंगे।
आईओए ने इसके अलावा कांच के बने पदार्थ की उत्पादक भारत की सबसे बड़ी कंपनी बोरोसिल ग्लास वर्क्स लिमिटेड को भारतीय दल का आधिकारिक हाइड्रेशन साझेदार नियुक्त किया है। इस साझेदारी के तहत यह कंपनी भारतीय एथलीटों और अधिकारियों के अच्छे स्वास्थ्य को सुनिश्चित करेगी।
आईओए और बोरोसिल के बीच हुई इस साझेदारी को इंडोनेशिया में होने वाले एशियन खेलों और इसी साल अर्जेंटीना में होने वाले युवा ओलंपिक खेलों के लिए होगी। इसके साथ ही दोनों पक्ष इस साझेदारी को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए भी राजी हो गए हैं, जो 2024 तक बढ़ सकती है। (वार्ता)