Publish Date: Fri, 29 Sep 2017 (20:44 IST)
Updated Date: Fri, 29 Sep 2017 (21:09 IST)
ऑइल ऑफ मैन। भारतीय ग्रैंड मास्टर हरिका द्रोणावली ने पिछली 2 हार के सिलसिले को तोड़ते हुए यहां ऑइल ऑफ मैन अंतरराष्ट्रीय शतरंज टूर्नामेंट के 6ठे राउंड में इंग्लिश ग्रैंड मास्टर जवांको हाउस्का को पराजित कर अंक बटोरा।
विश्व की 10वें नंबर की खिलाड़ी हरिका ने काले मोहरों से खेलते हुए इंग्लैंड की ग्रैंड मास्टर जवांको को शुरुआत में ही पछाड़ दिया और लगातार बढ़त के साथ 43 चालों के बाद जीत अपने हक में कर ली। पिछले 2 राउंड में हारने के बाद भारतीय खिलाड़ी के लिए यह जीत काफी मायने रखती है।
हरिका ने मैच के बाद कहा कि मैंने बढ़िया शुरुआत की और अपनी विपक्षी खिलाड़ी पर दबाव बनाया और जीत लिए माहौल बनाया। हालांकि भारतीय खिलाड़ी के लिए 7वां राउंड मुश्किल साबित हो सकता है, जहां उनके सामने विश्व के तीसरे नंबर की रूसी पुरुष खिलाड़ी व्लादिमीर क्रैमनिक की चुनौती होगी।
गुंटूर की हरिका ने कहा कि मेरे लिए यह मैच अहम होगा, क्योंकि व्लादिमीर मेरे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। लेकिन मैं अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अच्छा परिणाम हासिल करने का प्रयास करूंगी। टूर्नामेंट में 6 राउंड के बाद हरिका 3 जीत, 2 हार और एक ड्रॉ के साथ 5वें पायदान पर है। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Fri, 29 Sep 2017 (20:44 IST)
Updated Date: Fri, 29 Sep 2017 (21:09 IST)