Publish Date: Thu, 05 Apr 2018 (09:09 IST)
Updated Date: Thu, 05 Apr 2018 (09:23 IST)
गोल्ड कोस्ट। राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय महिला हाकी टीम की शुरुआत आज अप्रत्याशित हार के साथ हुई जब वेल्स ने आखिरी क्षणों में गोल करके उसे 3-2 से हरा दिया। मेलबर्न खेल 2006 में रजत पदक जीतने के बाद पहला राष्ट्रमंडल पदक जीतने के इरादे से उतरी भारतीय टीम पहले 30 मिनट तक पीछे थी।
तीसरे क्वार्टर में दो गोल करके उसने बराबरी की, लेकिन वेल्स ने आखिरी क्षणों में गोल करके जीत दर्ज की। वेल्स के लिए लीसा डाले (सातवां मिनट), सियान फ्रेंच (26 वां) और नताशा मार्क जोंस (57 वां मिनट) ने गोल दागे। भारत के लिए कप्तान रानी रामपाल (34 वां) और निक्की प्रधान (41 वां) ने गोल किए।
मैनचेस्टर राष्ट्रमंडल खेल 2002 की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला टीम पिछले दो राष्ट्रमंडल खेलों में पांचवें स्थान पर रही थी। दूसरे ग्रुप मैच में कल भारत का सामना मलेशिया से होगा। (भाषा)