Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

CWG 2018 : भारतीय महिलाओं ने 'सुपर संडे' पर बरसाया सोना

हमें फॉलो करें CWG 2018 : भारतीय महिलाओं ने 'सुपर संडे' पर बरसाया सोना
, रविवार, 8 अप्रैल 2018 (20:35 IST)
गोल्ड कोस्ट। भारतीय महिला खिलाड़ियों युवा निशानेबाज मनु भाकर, भारोत्तोलक पूनम यादव और महिला टेबल टेनिस टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन रविवार को भारत की झोली में 3 स्वर्ण पदक डाल दिए। भारत ने इसके अलावा 1 रजत और 2 कांस्य पदक भी जीते। भारत अब पदक तालिका में 7 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य सहित 12 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
 
 
भारत की महिला बैडमिंटन टीम मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गई है। भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदों को मजबूत कर लिया। 5 बार की विश्व चैंपियन और ओलंपिक पदक विजेता महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम ने सेमीफाइनल में पहुंचकर अपना पहला राष्ट्रमंडल पदक पक्का कर लिया है।
 
भारतीय निशानेबाजी की नई सनसनी 16 साल की मनु भाकर ने करिश्माई प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया जबकि अनुभवी निशानेबाज हिना सिद्धू ने इस स्पर्धा में रजत और रवि कुमार ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। सानिया शेख महिला स्कीट स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहीं।
 
भारत की पूनम यादव ने भारोत्तोलकों के स्वर्णिम अभियान को जारी रखा और महिलाओं के 69 किग्रा भार वर्ग में देश को स्वर्ण पदक दिला दिया जबकि विकास ठाकुर ने पुरुषों के 94 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीता लेकिन सीमा 75 किग्रा में 6ठे स्थान पर रह गईं।
 
मणिका बत्रा के जबरदस्त खेल से भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए मजबूत सिंगापुर को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। भारतीय टीम ने 1 ही दिन में अपने सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले जीतकर पहली बार टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 3-0 से से और फाइनल में सिंगापुर को 3-1 से हराया।
 
पुरुष हॉकी में एसवी सुनील के 59वें मिनट में किए गए निर्णायक गोल की मदद से गत उपविजेता भारत ने वेल्स की कड़ी चुनौती पर 4-3 से काबू पाते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। महिला हॉकी टीम ने गजब का प्रदर्शन करते हुए विश्व की नंबर 2 टीम और ओलंपिक चैंपियन इंग्लैंड को 2-1 से हराकर 3 मैचों में अपनी दूसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदें कायम रखीं।
 
भारतीय बैडमिंटन टीम ने अपने विजय अभियान को आगे बढ़ाते हुए सिंगापुर को 3-1 से हराकर मिश्रित टीम बैडमिंटन स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत का फाइनल में गत चैंपियन मलेशिया से सोमवार को मुकाबला होगा। विश्व के दूसरे नंबर के पुरुष खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत और महिला एकल में साइना नेहवाल ने जीत में अहम भूमिका निभाई। 
 
5 बार की विश्व चैंपियन, ओलंपिक पदक विजेता और एशियाई चैंपियन महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम ने 45-48 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर अपना पहला राष्ट्रमंडल खेल पदक पक्का कर लिया है। 75 किग्रा वर्ग में भारत के विकास कृष्णन क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

लोकेश राहुल ने IPL में ठोका सबसे तेज अर्द्धशतक, पंजाब जीता