khatu shyam baba

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

बैडमिंटन खिलाड़ी समीर बोले, फिट बने रहना ही लक्ष्य...

Advertiesment
Badminton player Sameer Verma
नई दिल्ली। अपने छोटे अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान चोटों से जूझने वाले बैडमिंटन खिलाड़ी समीर वर्मा अपना पूरा ध्यान फिट बने रहने पर देना चाहते हैं, क्योंकि उनके अनुसार अपने लिए कोई खास लक्ष्य तय करने का कोई मतलब नहीं बनता है।


समीर ने स्विस ओपन सुपर 300 टूर्नामेंट जीतकर इस सत्र का अपना पहला खिताब जीता। उन्होंने स्विट्जरलैंड के बासेल में फाइनल में डेनमार्क के विश्व में पूर्व नंबर दो खिलाड़ी जान ओ जोर्गनसेन को हराया। इस भारतीय ने हालांकि कहा कि वे आगे के लिए कोई योजना नहीं बनाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, मैं फिट बने रहना चाहता हूं और अपने शरीर का ध्यान रखना चाहता हूं। यह मेरा लक्ष्य है। मैं किसी अन्य चीज के बारे में नहीं सोचना चाहता हूं। मैं जानता हूं कि अगर मैं शत-प्रतिशत फिट रहता हूं तो अच्छा प्रदर्शन करूंगा और मेरी रैंकिंग में भी सुधार होगा।

समीर ने कहा, मैं खुद की बेहतर देखभाल करने के सिलसिले में कोचों और फिजियो से बात करता रहता हूं। मुझे पता चल है कि मैं अत्याधिक अभ्यास कर रहा था, जिससे मुझे बचना होगा और लंबे समय तक बने रहने के बारे में सोचना होगा।

समीर ने पिछले साल जनवरी में सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय ग्रां प्री गोल्ड प्रतियोगिता जीती थी, लेकिन इसके बाद कंधे की चोट के कारण वे जून में इंडोनेशिया ओपन और ऑस्ट्रेलियन ओपन से हट गए थे। वे विश्व चैंपियनशिप में शुरू में बाहर हो गए और कोरिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, लेकिन फिर से कंधे की चोट के कारण साल के दूसरे चरण में कोर्ट से बाहर रहे। इससे वे विश्व रैंकिंग में शीर्ष 20 से बाहर हो गए।

समीर ने कहा, कंधे की चोट से उबरने के बाद मैं अच्छे परिणाम हासिल कर रहा हूं। मैंने इंडिया ओपन में अच्छा प्रदर्शन किया था। इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ा। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

विराट और धोनी को आराम, रोहित संभालेंगे टीम की कमान