Publish Date: Thu, 20 Jul 2017 (14:27 IST)
Updated Date: Thu, 20 Jul 2017 (14:31 IST)
नई दिल्ली। भारत की शीर्ष शॉटपुट खिलाड़ी मनप्रीत कौर अगले महीने लंदन में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग नहीं ले सकेगी चूंकि 2 दिन में दूसरी बार उसे प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन का दोषी पाया गया।
मनप्रीत के मूत्र के ये नमूने चीन के जिन्हुआ में 24 अप्रैल को हुई एशियाई ग्रां प्री के पहले चरण के दौरान लिए गए थे। इसमें प्रतिबंधित स्टिम्युलेंट डाइमेथिलबुटिलेमाइन के अंश मिले थे। यह वही पदार्थ है, जो पटियाला में फेडरेशन कप राष्ट्रीय चैंपियनशिप के दौरान लिए गए उसके मूत्र के ये नमूने में मिला था।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष आदिले सुमिरवाला कहा कि मनप्रीत फिर से स्टेरॉयड और स्टिम्युलेंट के सेवन की दोषी पाई गई है। एएफआई ने उस पर अस्थायी निलंबन लगा दिया है। वह अब विश्व चैंपियनशिप टीम से बाहर है। आईएएएफ विश्व चैंपियनशिप लंदन में 5 से 13 अगस्त तक खेली जाएगी।
मनप्रीत ने हाल ही में भुवनेश्वर में हुई एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। उसने अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर करते हुए 18.85 मीटर का थ्रो फेंका था। (भाषा)