Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

70 वर्ष आयु समूह में मध्यप्रदेश राष्ट्रीय मास्टर्स टेबल-टेनिस चैम्पियन

Advertiesment
Masters Table Tennis
इंदौर। मेजबान मध्यप्रदेश ने 26वीं राष्ट्रीय मास्टर्स टेबल-टेनिस चैम्पियनशिप में 70 आयु समूह में पुरुषों का खिताब जीत लिया। संतोष कौशिक, इन्द्रेश पुरोहित, आर.सी. मोर्य, रमेश मालवीय ने जोशीले अंदाज में खेलते हुए संघर्षपूर्ण खिताबी मुकाबले में चंडीगढ़ को 3-1 से हराकर राष्ट्रीय चैम्पियन बनने का सम्मान प्राप्त किया।
 
टेबल-टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया तथा वेटरंस टेबल-टेनिस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में मध्यप्रदेश टेबल-टेनिस संगठन द्वारा अभय प्रशाल में आयोजित उक्त चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश के संतोष कौशिक ने चंडीगढ़ के पंतजली कुमार को 11-8, 11-9, 11-7 से हराकर अच्छी शुरुआत दी लेकिन चंडीगढ़ के बलबीरसिंह वर्दी ने म.प्र. के इंद्रेश पुरोहित को 11-8, 7-11, 11-6, 11-7 से हराकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
 
युगल मुकाबले में संतोष कौशिक-इंद्रेश पुरोहित की जोड़ी ने पंतजली-बलबीरसिंह वर्दी को 11-10,11-8, 9-11, 11-7 से शिकस्त देकर म.प्र. को 2-1 से आगे कर दिया। अंतिम मैच में संतोष कौशिक ने बलबीरसिंह वर्दी को 11-9, 7-11, 11-8, 11-9 से हरा दिया। इस तरह 3-1 से मध्यप्रदेश ने स्वर्ण पदक जीत लिया।
 
इसके पूर्व सेमीफायनल में म.प्र. 'ए' ने कर्नाटक 'ए' को 3-0 से व चंडीगढ़ 'ए' ने तमिलनाडु 'ए' को 3-0 से पराजित किया। पुरुष 60 आयु वर्ग में मध्यप्रदेश 'ए' ने तमिलनाडु 'ए' को 3-1 से परास्त कर फायनल मुकाबले में प्रवेश कर लिया। मध्यप्रदेश के लिए प्रमोद सोनी, विपिन पंडित, अशोक इंगले, श्रीराम जाईल ने विजयी खेल का प्रदर्शन किया। दूसरे सेमीफायनल में महाराष्ट्र 'ए' ने दिल्ली 'ए' को 3-1 से परास्त कर फायनल में प्रवेश किया। 
 
महिला 60 आयु वर्ग में महाराष्ट्र 'बी' ने महाराष्ट्र 'ए' को 3-1 से पराजित कर खिताब जीता। तीसरे स्थान पर म.प्र., पश्चिम बंगाल की टीमें रहीं। महिला 50 आयु वर्ग के फायनल में पश्चिम बंगाल 'ए' ने म.प्र. 'ए' को 3-0 से पराजित कर खिताब जीता। म.प्र. के लिए मनीषा कटारिया, रश्मी सोनी, रूबी कौर, रिचा गुप्ता, सुजाता बाबरस ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया।
 
महिला 40 आयु वर्ग के अंतिम मुकाबले में पश्चिम बंगाल 'ए' ने कर्नाटक 'ए' को 3-0 से पराजित कर खिताब अर्जित किया। म.प्र. 'ए' व महाराष्ट्र 'ए' तीसरे स्थान पर रहे। म.प्र. की टीम का प्रतिनिधित्व उत्तरा पानसे, रचना गुप्ता, नीता वैष्णव ने किया।
 
स्पर्धा का पुरस्कार वितरण समारोह मध्यप्रदेश ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष विधायक रमेश मेंदोला के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल मैनेजर ए.के. मोहपात्रा ने की। इस अवसर पर इंदौर टेबल टेनिस ट्रस्ट के ट्रस्टी विनय छजलानी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
 
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश टेबल टेनिस के चेयरमैन ओम सोनी, अध्यक्ष नरेन्द्र कौशिक, महासचिव जयेश आचार्य, रिंकु आचार्य, दिनेश मुकाती, इंडियन वेटरंस टेबल टेनिस कमेटी के हरीश कक्कड़, प्रमोद गंगराडे, शरद गोयल, गौरव पटेल, वाय.एस. चौहान, राजेन्द्र तिवारी, अमित कोटीया, गुरदीप सिंह मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन नीलेश वेद ने किया तथा आभार नरेन्द्र शर्मा ने माना। 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

साइना नेहवाल ने दिखाए नखरे, बैडमिंटन कोर्ट को खराब बताकर खेलने से किया इनकार