Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

CWG 2018 : मैरीकॉम ने पक्का किया अपना पहला राष्ट्रमंडल पदक

हमें फॉलो करें CWG 2018 : मैरीकॉम ने पक्का किया अपना पहला राष्ट्रमंडल पदक
, रविवार, 8 अप्रैल 2018 (19:13 IST)
गोल्ड कोस्ट। 5 बार की विश्व चैंपियन, ओलंपिक पदक विजेता और एशियाई चैंपियन महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में पहुंचकर अपना पहला राष्ट्रमंडल खेल पदक पक्का कर लिया है। 75 किग्रा वर्ग में भारत के विकास कृष्णन क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं जबकि 69 किग्रा वर्ग में सीधे क्वार्टर फाइनल में खेलने उतरीं लवलीना बोर्गोहेन को नजदीकी हार का सामना करना पड़ा।
 
 
मैरी ने स्कॉटलैंड की मेगन गॉर्डन को 45-48 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में 5-0 से पीटकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में खेल रहीं मैरी ने इसके साथ ही अपने लिए पदक पक्का कर लिया है। मैरी ने यह मुकाबला 30-24, 30-24, 30-24, 30-25, 30-25 से जीता। मैरी का सेमीफाइनल में 11 अप्रैल को श्रीलंका की अनुषा दिलरुक्शी के साथ मुकाबला होगा।
 
पुरुषों के 75 किग्रा वर्ग में भारत के विकास कृष्णन ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए ऑस्ट्रेलिया के कैम्पबेल सोमरविले को 5-0 से हरा दिया। मुकाबला काफी नजदीकी रहा और भारतीय मुक्केबाज ने 29-27, 29-28, 29-28, 29-28, 30-27 से जीत हासिल की और क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। विकास का अगला मुकाबला 11 अप्रैल को जाम्बिया के बैनी मुजियो से होगा।
 
इस बीच महिलाओं के 69 किग्रा वर्ग में सीधे क्वार्टर फाइनल में खेलने उतरीं लवलीना बोर्गोहेन ने पदक जीतने का मौका गंवा दिया। लवलीना को पदक पक्का करने के लिए सिर्फ यह मुकाबला जीतना था लेकिन वे इंग्लैंड की सैंडी रेयान से नजदीकी संघर्ष में 2-3 से हार गईं। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

CWG 2018 : भारतीय महिला टीम टेबल टेनिस के फाइनल में