Publish Date: Thu, 18 Oct 2018 (16:30 IST)
Updated Date: Thu, 18 Oct 2018 (16:34 IST)
मुंबई। मुंबई सिटी एफसी ने चोट के कारण इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पूरे सत्र से बाहर होने वाले डिफेंडर देवेंद्र सिंह के स्थान पर जॉयनर लाउरेंको को अपनी टीम में शामिल किया है।
23 साल के देवेंद्र का घुटना चोटिल है और उससे उबरने के लिए उन्हें आपरेशन कराना होगा। इस युवा डिफेंडर ने पिछले सत्र में आईलैंर्ड्स नाम से मशहूर मुंबई सिटी एफसी के साथ करार किया था। उन्होंने पिछले सत्र में मुंबई के लिए कुल 8 मैच खेले थे। इसके बाद क्लब ने देवेंद्र के साथ करार में 2 साल का विस्तार किया।
मुम्बई सिटी ने देवेंद्र के स्थान पर गोवा के 27 साल के डिफेंडर जॉयनर लाउरेंको के साथ करार किया है। लाउरेंको इस सत्र की समाप्ति तक क्लब के साथ बने रहेंगे। लाउरेंको ने अपना फुटबॉल करियर गोवा के क्लब-गोवा वेल्हा के साथ शुरू किया था। वह इसके बाद डेम्पो एफसी के लिए अंडर-15, अंडर-16 और अंडर-19 स्तर पर खेले थे।
लाउरेंको 7 साल तक स्पोर्टिंग के लिए खेले। उनके टीम में रहते हुए स्पोर्टिंग टीम 2013-14 के फेडरेशन कप में उपविजेता रही। स्पोर्टिंग के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए लाउरेंको ने भारतीय टीम में स्थान पक्का किया और 2014 के एशियाई खेलों में अंडर-23 टीम के लिए खेले। वह इस टूर्नामेंट में भारत के लिए 2 मैचों में खेले थे।
लाउरेंको ने 2017 में आईएसएल की बेंगलुरू एफसी के साथ करार किया था। मुम्बई सिटी आईएसएल के अपने 3 मैच में 19 अक्टूबर को एफसी पुणे सिटी से भिड़ेगी। यह मैच मुम्बई फुटबॉल एरेना में खेला जाएगा।