Publish Date: Tue, 12 Mar 2019 (16:59 IST)
Updated Date: Tue, 12 Mar 2019 (17:03 IST)
नई दिल्ली। प्रजनेश गुणेश्वरन इंडियन वेल्स में चल रहे एटीपी टूर्नामेंट 1000 के तीसरे दौर में हारकर बाहर हो गए हैं। गुणेश्वरन को पुरुष एकल के तीसरे दौर में विश्व के 89वें नंबर के 40 वर्षीय इवो कार्लोविच के हाथों 3-6, 6-7 से हार झेलनी पड़ी।
मियामी के निवासी कार्लोविच ने मैच में 16 एस लगाए और तीन डबल फॉल्ट किए। कार्लोविच ने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए 29 साल के भारतीय खिलाड़ी को लगातार सेटों में हराया।
40 वर्षीय कार्लोविच ने मैच में दो ब्रेक अंक बचाए और एक को भुनाया। उन्होंने पहली सर्विस पर 39 अंक और दूसरी सर्विस पर 13 सर्विस अंक जीते। उन्होंने पहली सर्विस पर 69 फीसदी अंक बटोरे।
भारत के शीर्ष एकल खिलाड़ी और दो एटीपी चैलेंजर टूर खिताबों के विजेता ने चार एस लगाए और दो डबल फॉल्ट किए। उन्हें पहली सर्विस पर 65 फीसदी अंक मिले। विश्व में 97वीं रैंकिंग के गुणेश्वरन ने पहली सर्विस पर 28 और दूसरी सर्विस पर 14 अंक जीते। प्रजनेश ने हाथ आए दो में से एक ब्रेक अंक भुनाए।
भारतीय टेनिस खिलाड़ी को तीसरे राउंड तक पहुंचने के लिए 1000 एटीपी मास्टर्स टूर्नामेंट से 45 एटीपी रेटिंग अंक और 48,775 डॉलर की इनामी राशि मिली।
प्रजनेश पहली बार एटीपी मास्टर्स प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे प्रजनेश ने कहा कि उसकी करारी सर्विस पर रिटर्न लगाना आसान नहीं था। मेरे पास कुछ मौके थे लेकिन मैं उन्हें नहीं भुना पाया और इसका मैच के परिणाम पर असर पड़ा।