Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

सौरव-जोशना बोले, राष्ट्रमंडल और एशियाड में करेंगे अच्‍छा प्रदर्शन...

हमें फॉलो करें सौरव-जोशना बोले, राष्ट्रमंडल और एशियाड में करेंगे अच्‍छा प्रदर्शन...
, मंगलवार, 22 अगस्त 2017 (16:55 IST)
नई दिल्ली। देश के शीर्ष स्‍क्‍वॉश खिलाड़ियों सौरव घोषाल और जोशना चिनप्पा ने एक स्वर में कहा है कि भारत 2018 में होने वाले राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में एक बार फिर अच्छा प्रदर्शन करेगा।
          
देश के नंबर एक स्‍क्‍वॉश खिलाड़ी सौरव और जोशना ने मंगलवार को यहां 74वीं राष्ट्रीय स्‍क्‍वॉश चैंपियनशिप की घोषणा के अवसर पर कहा, अगले साल राष्ट्रमंडल और एशियाई खेल होने हैं। हमने 2014 में भी इन खेलों में अच्छा प्रदर्शन किया था और उम्मीद है कि 2018 में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
          
विश्व रैंकिंग में 27वें नंबर के खिलाड़ी और 11 राष्ट्रीय खिताब जीत चुके सौरव ने पिछले एशियाई खेलों में व्यक्तिगत मुकाबलों में रजत और टीम मुकाबलों में स्वर्ण पदक जीता था। भारत को महिला मुकाबलों में दीपिका पल्लीकल ने व्यक्तिगत रजत दिलाया था, जबकि दीपिका, जोशना और अनाका अलंकामोनी की टीम ने रजत पदक जीता था। जोशना और दीपिका ने राष्ट्रमंडल खेलों में टीम मुकाबलों का स्वर्ण पदक जीता था।
         
सौरव और 14वीं रैंकिंग की जोशना को उम्मीद है कि टीम इस प्रदर्शन को अगले साल भी दोहराएगी। दोनों खिलाड़ियों ने हालांकि इस बात पर निराशा जताई कि 2020 के टोक्यो ओलंपिक में स्‍क्‍वॉश को खेल के रूप में शामिल नहीं किया गया है। 
         
सौरव ने कहा, हम इस बात से जरूर निराश हैं कि स्‍क्‍वॉश को 2020 के ओलंपिक में जगह नहीं मिल पाई। 2024 के  ओलंपिक फ्रांस में होने हैं जहां स्‍क्‍वॉश खासा लोकप्रिय है। इसलिए उम्मीद है कि 2024 के ओलंपिक में स्‍क्‍वॉश को जगह मिल सकेगी।
         
दोनों खिलाड़ियों ने भारतीय स्‍क्‍वॉश रैकेट महासंघ से आग्रह किया कि वह देश में कुछ प्रोफेशनल स्‍क्‍वॉश टूर्नामेंटों का आयोजन करे जिससे इस खेल को देश में लोकप्रिय बनाने में मदद मिले। महासंघ के राष्ट्रीय विकास अधिकारी हरीश प्रसाद ने आश्वासन दिया कि महासंघ की एशियाई रैंकिंग टूर्नामेंट कराने की योजना है जो पांच स्टार का इवेंट होगा। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

झांझरिया-सरदार बनेंगे खेल रत्न, 17 खिलाड़ी अर्जुन