Publish Date: Sun, 22 Jul 2018 (20:50 IST)
Updated Date: Sun, 22 Jul 2018 (20:54 IST)
मुंबई। प्रेरणादायी कप्तान सुनील छेत्री को रविवार को 2017 के लिए अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ का साल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। आईएफएफ ने रविवार को यहां बैठक में उनका चयन किया। छेत्री हाल में बाईचुंग भूटिया के बाद 100 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले दूसरे भारतीय फुटबॉलर बने थे। वे भारत और बेंगलुरु एफसी के स्टार स्ट्राइकर हैं।
पुरुष वर्ग में जहां छेत्री को साल का सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर चुना गया, तो महिला वर्ग में कमला देवी 2017 की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी बनी। युवा अनिरुद्ध थापा ने 4 देशों के इंटरकांटिनेंटल कप में अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था जिसमें भारत ने जीत दर्ज की थी। उन्हें 2017 का 'एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर' घोषित किया गया।
एआईएफएफ के बयान के अनुसार ई. पंथोई 2017 महिला 'एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर' चुनी गईं। एआईएफएफ के 2017 के अन्य पुरस्कार विजेता इस प्रकार हैं-
बेस्ट ग्रासरूट डेवलपमेंट प्रोग्राम पुरस्कार : केरल एफए। लांग टाइम कांट्रीब्यूशन टू इंडियन फुटबॉल पुरस्कार : हीरो मोटोकोर्प। सर्वश्रेष्ठ सहायक रैफरी पुरस्कार : सुमंत दत्त (असम)। सर्वश्रेष्ठ रैफरी पुरस्कार : सीआर श्रीकृष्णा। (भाषा)