Publish Date: Fri, 31 Jan 2025 (18:07 IST)
Updated Date: Fri, 31 Jan 2025 (18:11 IST)
Share Market Update : स्थानीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 741 अंक उछला। कारोबार के दौरान एक समय यह 846.15 अंक तक चढ़ गया था, जबकि एनएसई निफ्टी 23,500 का स्तर पार कर गया। लार्सन एंड टुब्रो के तीसरी तिमाही के अनुकूल परिणाम और आर्थिक समीक्षा से वृद्धि तेज करने वाला बजट आने का अनुमान लगने से बाजार को समर्थन मिला। शनिवार को 2025-26 का केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा। इस कारण शेयर बाजार शनिवार को खुले रहेंगे।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 740.76 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,500.57 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 846.15 अंक तक चढ़ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी भी 258.90 अंक यानी 1.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,508.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 297.3 अंक तक चढ़ गया था।
शुक्रवार को संसद में पेश की गई आर्थिक समीक्षा 2024-25 में अनुमान जताया गया है कि मजबूत बुनियाद, सूझबूझ वाली राजकोषीय मजबूती का खाका और निजी खपत बने रहने के साथ देश की आर्थिक वृद्धि दर वित्त वर्ष 2025-26 में 6.3 प्रतिशत से 6.8 प्रतिशत रह सकती है।
सेंसेक्स की कंपनियों में से लार्सन एंड टुब्रो का शेयर 4.31 प्रतिशत मजबूत हुआ। बुनियादी ढांचे और इंजीनियरिंग कंपनी का एकीकृत लाभ 14 प्रतिशत बढ़कर 3,359 करोड़ रुपए रहा। मुख्य रूप से आय बढ़ने से कंपनी का लाभ बढ़ा है। नेस्ले के शेयर में भी 4.25 प्रतिशत की वृद्धि हुई। 31 दिसंबर, 2024 को समाप्त तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 4.94 प्रतिशत बढ़कर 688.01 करोड़ रुपए रहने की सूचना से कंपनी का शेयर चढ़ा।
इसके अलावा, इंडसइंड बैंक, टाइटन, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, आईटीसी और मारुति भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, आईटीसी होटल्स, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस और आईसीआईसीआई बैंक नुकसान में रहे। पूरे जनवरी माह में बीएसई सेंसेक्स 638.44 अंक नुकसान में रहा जबकि निफ्टी में 136.4 अंक की गिरावट आई।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की लाभ में रहा जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहा। वहीं चीन में शंघाई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग अवकाश के कारण बंद रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में कारोबार के दौरान तेजी रही। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त में रहे थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 4,582.95 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.64 डॉलर प्रति बैरल रहा। बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 226.85 अंक चढ़ा था जबकि एनएसई निफ्टी 86.40 अंक लाभ में रहा था। शनिवार को 2025-26 का केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा। इस कारण शेयर बाजार शनिवार को खुले रहेंगे। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें