Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

खेल गांव में कोरोना ने मचाया हाहाकार, कुल मामलों की संख्या हुई 80 पार

हमें फॉलो करें खेल गांव में कोरोना ने मचाया हाहाकार, कुल मामलों की संख्या हुई 80 पार
, बुधवार, 21 जुलाई 2021 (11:14 IST)
कोरोना का कहर टोक्यो ओलंपिक्स में बढता ही जा रहा है। बुधवार को टोक्यो के खेल गांव में कोरोना के 10 नए मामले सामने आए हैं, जिससे कुल मामले 80 हो गए हैं। ओलंपिक अब शुरु भी हो पाएगा या नहीं इस बात का खतरा भी मंडरा रहा है। 
 
1 जुलाई से खेल गांव में रह रहे कोरोना संक्रमित खिलाड़ियों, स्टाफ और अधिकारियों की संख्या 80 को पार कर चुकी है। पिछले 24 घंटो में आए 10 नए मामलों में एक खिलाड़ी भी है। गौरतलब है कि मंगलवार को 9 मामले आए थे। 
 
चेक गणराज्य की बीच वॉलीबॉल टीम के कोच खेल गांव में कोविड पॉजिटिव
 
चेक गणराज्य के बीच वॉलीबॉल कोच साइमन नॉश कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए। सोमवार को खेल गांव में चेक गणराज्य के ही पुरुष बीच वॉलीबॉल टीम के खिलाड़ी ओंद्रेज पेरुसिच भी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए थे।चेक ओलंपिक समिति ने कहा, ‘‘टोक्यो ओलंपिक की चेक टीम को एक और कोविड-19 पॉजिटिव मामले से निपटना होगा। नियमित एंटीजेन परीक्षण में बीच वॉलीबॉल टीम के कोच साइमन नॉश में वायरस की मौजूदगी का पता चला है।’’
 
बयान के अनुसार, ‘‘पीसीआर परीक्षण की पुष्टि के बाद, वह ओलंपिक खेल गांव छोड़कर पृथकवास पर चले गए हैं, एक दिन पहले वॉलीबॉल खिलाड़ी ओंद्रेज पेरुसिच ने भी ऐसा ही किया था।’’ नॉश ने कहा है कि उन्हें खुशी है कि किसी और के पॉजिटिव नतीजे का कारण बनने से पहले उन्हें स्थानांतरित कर दिया गया।
 
रविवार को दक्षिण अफ्रीका के दो फुटबॉलर खेल गांव में पॉजिटिव पाए गए थे, जिसके महामारी के बीच खेलों के आयोजन को लेकर चिंता बढ़ गई थी। अमेरिका की महिला जिम्नास्ट भी चीबा प्रांत में ट्रेनिंग के दौरान सोमवार को संक्रमित पाई गईं।
 
चेक गणराज्य की टीम ने आयोजकों के साथ सहयोग का आश्वासन दिया है। दल प्रमुख मार्टिन डोक्टोर ने कहा, ‘‘कोई भी संक्रमित हो सकता है, निश्चित तौर पर अकेले हम ही इस स्थिति का सामना नहीं कर रहे। कम से कम आपको पता है कि नियमित परीक्षण काम कर रहे हैं और शुरुआत में ही पॉजिटिव मामले पकड़ में आ रहे हैं। यह हमारे लिए सुखद स्थिति नहीं है लेकिन हम इससे निपट लेंगे।’’
 
जापान के प्रधानमंत्री को सफल टोक्यो ओलंपिक 2020 का भरोसा
 
बढ़ते कोरोना केसों के बावजूद भी जापान के प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा ने कोरोना महामारी के बावजूद टोक्यो ओलंपिक खेलों के सफलतापूर्वक आयोजन का भरोसा जताया है।
 
सुगा ने मंगलवार को 138वें अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) सत्र के उद्घाटन की घोषणा से पहले अधिकारियों को बताया, “ पिछले साल से कोरोना महामारी के कारण हालात सुधर नहीं रहे हैं। संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन अब वैक्सीन आ गई है और टीकाकरण किया जा रहा है। एक लंबी सुरंग से गुजरने के बाद अब बाहर निकलने का एक रास्ता हमारी नजर में है। दुनिया को बहुत बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अब समय आ गया है कि हम एकजुट रहें और मानव जाति के प्रयासों और ज्ञान के साथ हमें खेलों को पूरा करना होगा। हम ऐसा कर सकते हैं और हम खेलों का सफल आयोजन कर सकते हैं। ”
 
प्रधानमंत्री ने कहा, “ कई जगहों पर दर्शक नहीं होंगे, लेकिन टोक्यो के महत्व को कभी कम नहीं किया जाएगा। इस खेल में दुनिया भर के 4.9 अरब लोग अपने टीवी स्क्रीन से जुड़ेंगे। ”
 
उल्लेखनीय है कि 12 जुलाई से टोक्यो में चौथा आपातकाल लगाया गया है जो पूरी ओलंपिक अवधि को कवर करेगा यानी 22 अगस्त तक लागू रहेगा।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

डरहम से ‘Team India’ भी कर रही ‘Gabbar & Co.’ को चीयर, बीसीसीआई ने शेयर की वीडियो