Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव: वोटिंग को लेकर दिखा उत्साह, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

हमें फॉलो करें त्रिपुरा विधानसभा चुनाव: वोटिंग को लेकर दिखा उत्साह, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
, गुरुवार, 16 फ़रवरी 2023 (09:02 IST)
अगरतला। त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे मतदान आरंभ हो गया। मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। मतगणना 2 मार्च को होगी।
 
पीएम मोदी ने ट्वीट में कहा, 'त्रिपुरा के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे रिकॉर्ड संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र के उत्सव को मजबूत बनाएं। मैं विशेष रूप से युवाओं का आह्वान करता हूं कि वे अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें।'
 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) जी. किरणकुमार दिनकरराव ने बताया कि राज्य में कुल 28.13 लाख मतदाता 3,337 मतदान केंद्रों में मतदान करेंगे और 259 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
 
कुल 3,337 मतदान केंद्रों में से 1,100 केंद्रों को संवेदनशील और 28 को अति संवेदनशील के रूप में वर्गीकृत किया गया है। कम से कम 97 मतदान केंद्रों का प्रबंधन महिला चुनाव कर्मी कर रही हैं।
 
दिनकरराव ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय और अंतर-राज्यीय सीमाओं को सील कर दिया गया है, ताकि राज्य के बाहर से कोई उपद्रवी तत्व आकर मतदान प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न नहीं कर सकें। 
 
राज्य में सुरक्षित मतदान के लिए 31,000 मतदानकर्मी और केंद्रीय बलों के 25,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य सशस्त्र पुलिस और राज्य पुलिस के 31,000 कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
 
पूर्वोत्तर राज्य में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। भाजपा और आईपीएफटी गठबंधन सत्ता पर कब्जा बरकरार रखने की कोशिश में है। वहीं, वाम-कांग्रेस गठबंधन ने भी सत्ता छीनने की भरकस कोशिश की है। क्षेत्रीय संगठन टिपरा मोथा स्वायत्त परिषद चुनावों में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद विधानसभा के चुनाव मैदान में पहली बार उतरी है।
 
भाजपा 55 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है, जबकि उसकी सहयोगी आईपीएफटी ने छह सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि एक सीट पर दोस्ताना मुकाबला होगा। वाम मोर्चा 47 सीट पर चुनाव लड़ रहा है और इसकी गठबंधन सहयोगी कांग्रेस 13 सीट पर चुनाव लड़ रही है। तृणमूल कांग्रेस ने 28 सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं और 58 निर्दलीय उम्मीदवार भी हैं। 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

माणिक सरकार : त्रिपुरा की चुनावी जंग में माकपा के एक अनुभवी राजनेता