Publish Date: Sun, 19 Feb 2017 (13:28 IST)
Updated Date: Sun, 19 Feb 2017 (13:32 IST)
लखनऊ। केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा सफाई मंत्री उमा भारती ने प्रियंका गांधी वाड्रा के नरेन्द्र मोदी को उत्तर प्रदेश से बाहर का बताए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रियंका को मोदी पर टिप्पणी करने से पहले अपनी राजनीतिक हैसियत का आकलन करना चाहिए।
उमा भारती ने रविवार को यहां नवयुग कन्या महाविद्यालय राजेन्द्र नगर में अपना वोट डालने के पहले कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा को मोदी पर टिप्पणी करने से पहले अपने राजनीतिक हैसियत का आकलन करना चाहिए।
वाड्रा की जब कोई राजनीतिक हैसियत है ही नहीं तो वह प्रधानमंत्री पर क्या टिप्पणी करेंगी। उन्हें कौन गम्भीरता से लेगा। वह उनकी किसी बात का जवाब देना नहीं चाहती लेकिन प्रधानमंत्री को बाहरी बताकर उन्होंने राज्य की जनता का अपमान किया है, इसलिए वह बोलने को मजबूर हुईं।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी को उत्तर प्रदेश की जनता ने सांसद बनाया है, तभी वह प्रधानमंत्री बन सके हैं, जब यहां की जनता ने मोदी को सांसद चुन लिया तो वह बाहरी कैसे हुए। उन्होंने कहा कि इस देश में मोदी जी के बारे में बहुत सारे लोग अनाप-शनाप टिप्पणी करते रहते हैं। यह महिला (प्रियंका) भी उसी में से एक हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री के उत्तर प्रदेश द्वारा गोद लिए जाने संबंधी बयान पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी को बाहरी करार दिया था। (वार्ता)