Publish Date: Tue, 14 Feb 2017 (23:20 IST)
Updated Date: Tue, 14 Feb 2017 (23:38 IST)
रायबरेली। भारतीय जनता पार्टी ने इस बार रायबरेली की सदर विधानसभा सीट से पेशे से वकील अनिता श्रीवास्तव को उम्मीदवार बनाया है। अपनी जीत के प्रति 500 प्रतिशत आश्वस्त अनिता कहती हैं कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उनका किससे मुकाबला है। उनके साथ तो स्थानीय जनता की ताकत और समर्थन है।
'वेबदुनिया' के साथ खास बातचीत में अनिता कहती हैं कि पिछले 25 साल से सदर विधानसभा सीट में बाहुबली अखिलेश कुमार सिंह विधायक हैं। यहां विकास के नाम पर विनाश ही हुआ है। 70 साल से यहां की जनता विकास की बाट जोह रही है।
उन्होंने कहा कि 2007 से वे समाजसेवा के जरिए जनता के सीधे संपर्क में हैं। भाजपा की सरकार बनने पर राज्य की कानून व्यवस्था में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि मेरा जनता से वादा है कि मैं न तो गलत करूंगी और न ही गलत होने दूंगी। किसान और गरीबों की समस्याओं को सुलझाने पर विशेष ध्यान दूंगी। अनिता ने कहा कि सपा की सरकार बनते ही राज्य में गुंडई शुरू हो जाती है और लूटपाट, गुंडागर्दी, चोरी आदि वारदातें बढ़ जाती हैं।